सीजफायर के बीच US का ईरान पर बड़ा हमला: होर्मुज स्ट्रेट के पास IRGC मिसाइल लॉन्चर और नावें तबाह, तनाव फिर बढ़ा

दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम लागू होने के बावजूद तनाव कम होता नजर नहीं आ रहा है। सोमवार देर रात अमेरिकी सेना ने दक्षिणी ईरान में बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई करते हुए मिसाइल लॉन्च साइट्स और ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नावों को निशाना बनाया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इसे “आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई” बताया है।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक हमला स्ट्रीट ऑफ हार्मुज के आसपास किया गया, जहां कथित तौर पर IRGC की नावें समुद्री बारूदी सुरंगें बिछा रही थीं। अमेरिकी नौसेना और वायुसेना ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर दो ईरानी नावों को नष्ट कर दिया।
सेंटकॉम के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने कहा कि अमेरिकी बलों ने उन खतरों को निष्क्रिय किया, जो अमेरिकी सैनिकों और युद्धपोतों के लिए खतरा बन रहे थे। उन्होंने कहा कि अमेरिका युद्धविराम के दौरान संयम बरत रहा है, लेकिन अपने सैनिकों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
इसके अलावा अमेरिकी सेना ने बंदर अब्बास इलाके में एक सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल साइट पर भी हमला किया। अमेरिका का दावा है कि इस मिसाइल सिस्टम ने अमेरिकी लड़ाकू विमानों को निशाना बनाने की कोशिश की थी। जवाबी कार्रवाई में मिसाइल लॉन्चर और उससे जुड़े सैन्य ढांचे को तबाह कर दिया गया।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह हमला सीमित दायरे में रखा गया ताकि संघर्ष और न बढ़े। हालांकि इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव फिर बढ़ गया है। इससे पहले भी सीजफायर लागू होने के बावजूद दोनों देशों के बीच कई बार सैन्य टकराव और तनाव की स्थिति बन चुकी है।





