Negligence: बृहस्पति बाजार में खुले चैंबर बने हादसे का इंतजार,
नगर निगम की लापरवाही पर उठे सवाल

बिलासपुर। शहर के व्यस्तम बृहस्पति बाजार क्षेत्र में नगर निगम की लापरवाही लोगों की चिंता का कारण बनती जा रही है। (Negligence) बाजार के पास स्थित रोटरी क्लब वाली गली में नाली सफाई के दौरान खोले गए बड़े चैंबर पिछले 12 से 13 दिनों से खुले पड़े हुए हैं। यह इलाका हमेशा लोगों की आवाजाही से भरा रहता है बावजूद इसके सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों ने आरोप लगाया है कि नगर निगम द्वारा नाली सफाई के लिए चैंबर खोलने के बाद उन्हें दोबारा बंद नहीं किया गया। खुले चैंबर के कारण सड़क पर लगातार खतरा बना हुआ है लोगों का कहना है कि कई बार निगम अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
नगर निगम की लापरवाही पर उठे सवाल (Negligence)
क्षेत्रवासियों ने बताया कि कुछ दिन पहले एक जानवर खुले नाले में गिर गया था जिसके बाद भी नगर निगम ने गंभीरता नहीं दिखाई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते चैंबर बंद नहीं किए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर रात के समय यहां से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। खुले चैंबरों के कारण इलाके में गंदगी और बदबू फैल रही है, जिससे आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र होने के कारण यहां रोजाना बड़ी संख्या में ग्राहक आते हैं, लेकिन नगर निगम की अनदेखी से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने निगम से तत्काल कार्रवाई कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।





