चौड़ीकरण पर सवाल: मास्टर प्लान में 80 फीट सड़क, मौके पर 60 फीट के आधार पर निर्माण, 20 फीट जमीन को लेकर उठे सवाल
सड़क के दूसरी तरफ खाली सरकारी जमीन छोड़ छात्रावास परिसर में जेसीबी चलाने का आरोप,

बिलासपुर के साइंस कॉलेज से चांटीडीह सब्जी मंडी को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण का काम अब सवालों के घेरे में है। सरकारी मास्टर प्लान और लोक निर्माण विभाग के प्रमाणित रिकॉर्ड में इस सड़क की चौड़ाई 80 फीट दर्ज है, जबकि मौके पर 60 फीट के आधार पर निर्माण किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इतना ही नहीं, सड़क चौड़ीकरण के नाम पर ग्राम चांटीडीह के खसरा नंबर 561/4 स्थित छात्रावास परिसर की करीब 15 से 20 फीट जमीन पर जेसीबी चलाकर खुदाई किए जाने का आरोप है।
खसरा नंबर 561/4 की जमीन को लेकर विवाद (चौड़ीकरण पर सवाल)
हैरानी की बात यह है कि सड़क के दूसरी तरफ इसी खसरा नंबर की खाली शासकीय जमीन मौजूद होने के बावजूद उसे छोड़ दिया गया। वहीं, 10 मार्च 2026 को सीमांकन का आदेश जारी होने के बाद भी सीमांकन रिपोर्ट सामने नहीं आने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब सड़क की चौड़ाई 80 फीट निर्धारित है, तो निर्माण 60 फीट के आधार पर क्यों हो रहा है और सड़क के दोनों तरफ मौजूद सरकारी जमीन में से छात्रावास की जमीन को ही निर्माण के लिए क्यों चुना गया? अब इस पूरे मामले में जिम्मेदार विभागों के जवाब का इंतजार है।





