एसपी से शिकायत: चांटीडीह मेलापारा में संदिग्ध गतिविधियों का आरोप, रहवासी पार्षद के नेतृत्व में पहुंचे एसपी कार्यालय
विरोध करने वाले युवक को झूठे छेड़खानी के मामले में फंसाने का आरोप,

सरकंडा थाना क्षेत्र के चांटीडीह मेलापारा में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। (एसपी से शिकायत) स्थानीय रहवासियों ने सुरेश यादव पर बाहरी महिलाओं को लाकर आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित करने का आरोप लगाया है। वहीं इन गतिविधियों का विरोध करने वाले युवक सागर जायसवाल के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज कराए जाने को लेकर भी सवाल उठाए हैं। आक्रोशित रहवासी और स्थानीय जनप्रतिनिधि वार्ड पार्षद के नेतृत्व में एसपी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच तथा उचित कार्रवाई की मांग की।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग (एसपी से शिकायत)
सरकंडा थाना क्षेत्र के चांटीडीह मेलापारा में रहने वाले लोगों का आरोप है कि इलाके में पिछले कुछ समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे मोहल्ले का माहौल प्रभावित हो रहा है। शिकायतकर्ताओं ने सुरेश यादव पर बाहरी महिलाओं को यहां लाकर आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इससे आसपास रहने वाले परिवारों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ रहा है।
इसी बीच वार्ड के युवक सागर जायसवाल ने जब इन कथित गतिविधियों का विरोध किया, तो विवाद और बढ़ गया। रहवासियों का आरोप है कि विरोध से नाराज होकर सुरेश यादव और एक अन्य महिला ने सागर जायसवाल के खिलाफ सरकंडा थाने में छेड़खानी का मामला दर्ज करा दिया। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि सागर ने केवल मोहल्ले के माहौल और सुरक्षा को लेकर आपत्ति जताई थी, लेकिन उसे झूठे मामले में फंसा दिया गया।
इसी पूरे विवाद को लेकर स्थानीय रहवासी और जनप्रतिनिधि वार्ड पार्षद के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि आखिर मोहल्ले में चल रही कथित गतिविधियों की वास्तविकता क्या है।
साथ ही युवक सागर जायसवाल के खिलाफ दर्ज छेड़खानी के मामले की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई गई। रहवासियों का कहना है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को झूठे मामले में नहीं फंसाया जाना चाहिए और क्षेत्र में शांति तथा सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए उचित कार्रवाई जरूरी है। अब इस मामले में पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।





