मधुमेह क्लीनिक: विश्व मधुमेह दिवस पर सिम्स में विशेष जांच शिविर, 2300 मरीजों की हुई स्क्रीनिंग
अब हर शनिवार रूम नंबर 35 में सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक मिलेगी शुगर के मरीजों को विशेष चिकित्सा सुविधा

बदलती जीवनशैली, खानपान में लापरवाही और शारीरिक गतिविधियों में कमी के चलते मधुमेह यानी शुगर की बीमारी तेजी से बढ़ रही है। अब यह बीमारी केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गई, बल्कि युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। इसी को देखते हुए विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में मधुमेह क्लीनिक की शुरुआत की गई। इस मौके पर आयोजित जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम में करीब 2300 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई और ब्लड शुगर तथा ब्लड प्रेशर की लगभग 3000 जांचें हुईं।
विश्व मधुमेह दिवस पर सिम्स में विशेष जांच शिविर (मधुमेह क्लीनिक)
जांच के दौरान 30 नए मरीजों में शुगर और ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ पाया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों ने लोगों को समय पर जांच कराने, संतुलित खानपान अपनाने, नियमित व्यायाम करने और वजन नियंत्रित रखने की सलाह दी। सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने युवाओं में भी मधुमेह के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच की जरूरत बताई। वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने जानकारी दी कि अब हर शनिवार सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सिम्स के रूम नंबर 35 में मधुमेह के मरीजों को विशेष जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा मिलेगी।
इस क्लीनिक का संचालन वे अपनी टीम के साथ करेंगे। चिकित्सकों ने 30 वर्ष की आयु के बाद साल में कम से कम एक बार ब्लड शुगर जांच कराने और प्री-डायबिटीज की स्थिति में ही जीवनशैली में बदलाव करने की अपील की है……





