NSUI का प्रदर्शन: मुक्त विश्वविद्यालय में कथित अनियमितताओं को लेकर NSUI का विरोध
एक करोड़ के खर्च का हिसाब और फीस वृद्धि वापस लेने की मांग

बिलासपुर के कोनी स्थित पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय में कथित वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर NSUI ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। कटोरा और बेशरम का फूल लेकर विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताते हुए कार्यकर्ताओं ने कई गंभीर सवाल उठाए और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की।
NSUI का आरोप है कि विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन इस खर्च का पूरा हिसाब सार्वजनिक नहीं किया गया है। संगठन ने समारोह में हुए खर्च का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है। इसके साथ ही फीस वृद्धि वापस लेने और विद्यार्थियों की लंबित फीस लौटाने की मांग भी उठाई गई।
एक करोड़ के खर्च का हिसाब और फीस वृद्धि वापस लेने की मांग (NSUI का प्रदर्शन)
NSUI ने पीएचडी और बीएड-डीएलएड प्रवेश प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच कराने, अतिथि व्याख्याता भर्ती में स्थानीय अभ्यर्थियों को अवसर देने और आरक्षण रोस्टर का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके अलावा निर्माणाधीन ऑडिटोरियम में हो रही देरी और विश्वविद्यालय के पिछले तीन वर्षों के वित्तीय खर्चों का स्वतंत्र ऑडिट कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
NSUI ने विश्वविद्यालय प्रबंधन को 15 दिनों के भीतर अपनी मांगों पर कार्रवाई की जानकारी देने का अल्टीमेटम दिया है। संगठन का कहना है कि विद्यार्थियों के हितों और विश्वविद्यालय में पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





