टीआई से हाथापाई: सिम्स अस्पताल के मुख्य गेट के सामने ऑटो चालक की दबंगई, सिविल लाइन टीआई से भिड़ा चालक

गाली-गलौज के बाद सड़क पर हाथापाई, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

बिलासपुर में खाकी वर्दी के सामने ही एक ऑटो चालक की दबंगई देखने को मिली। (टीआई से हाथापाई) सिम्स अस्पताल के मुख्य गेट के सामने ऑटो खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गया। ऑटो चालक ने सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। बीच सड़क पर हुए इस हंगामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल (टीआई से हाथापाई)

दरअसल, पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सिम्स अस्पताल के मुख्य गेट के सामने का है, जहां सड़क पर बेतरतीब तरीके से ऑटो खड़ा करने को लेकर सिविल लाइन टीआई रविशंकर तिवारी और ऑटो चालक के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि ऑटो हटाने को लेकर शुरू हुई बहस में चालक इस कदर उग्र हो गया कि उसने पुलिस अधिकारी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद ने हाथापाई का रूप ले लिया और सड़क पर जमकर हंगामा हुआ। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

सिम्स अस्पताल का मुख्य गेट शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल है, जहां पहले से ही यातायात का दबाव बना रहता है। ऐसे में सड़क पर बेतरतीब ऑटो खड़े होने से आम लोगों और मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब इस पूरे घटनाक्रम के बाद सवाल यह है कि पुलिस अधिकारी के साथ सरेराह हाथापाई करने वाले ऑटो चालक के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button