Lightning: बिलासपुर में आकाशीय बिजली का कहर: खेत में काम कर रहे पिता-पुत्री झुलसे, गंभीर हालत में सिम्स रेफर
पेड़ के नीचे शरण लेना पड़ा भारी; आकाशीय बिजली की चपेट में आए पिता-पुत्री, मची अफरा-तफरी

बिलासपुर जिले के गतौरा इलाके में आकाशीय बिजली गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया, (Lightning)जिसमें खेत में काम कर रहे पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, गतौरा निवासी घनश्याम खांडे अपनी बेटी पूनम खांडे के साथ खेत में कृषि कार्य कर रहे थे, तभी अचानक मौसम बदला और तेज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों पास ही स्थित एक नीम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए, लेकिन इसी दौरान तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर आ गिरी।
पेड़ के नीचे शरण लेना पड़ा भारी (Lightning)
इस हादसे में घनश्याम खांडे बुरी तरह झुलस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी बेटी पूनम को बिजली का हल्का झटका महसूस हुआ और उन्हें मामूली चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद आसपास के खेतों में मौजूद लोगों ने दौड़कर दोनों की मदद की और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद घनश्याम की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बिलासपुर के सिम्स (CIMS) अस्पताल रेफर कर दिया गया है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है





