Burglary At A Government School: सरकारी स्कूल में सेंध,बेलतरा हाईस्कूल से लाखों की सामग्री गायब
पूर्व सरपंच पति और प्रिंसिपल पर एफआईआर

सरकारी स्कूल की संपत्ति से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। (Burglary At A Government School) बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत बेलतरा स्थित शासकीय हाईस्कूल के नव निर्मित भवन से कीमती सामान उखाड़कर ले जाने के मामले में रतनपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी की शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
सरकारी स्कूल में तोड़फोड़,दो लाख 87 हजार का नुकसान
मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है, जहां जांच में सामने आया कि स्कूल के नए भवन से दरवाजे, खिड़कियां, ग्रील, रोशनदान, चैनल गेट और फर्श के पत्थर सहित अन्य सामग्री बिना किसी शासकीय आदेश के निकाल ली गई। निकाली गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब दो लाख 87 हजार रुपये बताई जा रही है। इस दौरान भवन को भी नुकसान पहुंचाया गया। जांच रिपोर्ट में पूर्व बेलतरा सरपंच पति रामरतन कौशिक और तत्कालीन महिला प्राचार्य कावेरी यादव की भूमिका सामने आई है।
शासकीय संपत्ति से छेड़छाड़, (Burglary At A Government School)
आरोप है कि दोनों ने आपसी सहमति से शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 427, 34 और लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने साफ कहा है कि शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





