Press Conference: पुलिस की सुस्ती के खिलाफ व्यवसायी ने खोला मोर्चा, प्रेस वार्ता में बयां किया दर्द
तीन महीने तक घर से पार होता रहा सोना, अब न्याय के लिए दर-दर भटक रहे सतीश मिश्रा

बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसमा सिटी में रहने वाले व्यवसायी सतीश मिश्रा ने (Press Conference) पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रेस वार्ता के माध्यम से अपनी व्यथा साझा की है। व्यवसायी का आरोप है कि अक्टूबर से दिसंबर 2025 के बीच उनके घर में बेहद शातिराना तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया, जिसमें चोरों ने अलमारी में रखे असली सोने के जेवरातों को पार कर उनकी जगह हूबहू दिखने वाले नकली आभूषण रख दिए, ताकि किसी को भनक न लग सके।

अब न्याय के लिए दर-दर भटक रहे सतीश मिश्रा (Press Conference)
सतीश मिश्रा ने इस सुनियोजित साजिश में अपने ही कुछ परिचितों पर संदेह जताया है और इस संबंध में 19 फरवरी तथा 26 मार्च 2026 को थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है, लेकिन लंबी अवधि बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई या गिरफ्तारी नहीं की गई है। पीड़ित ने एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि केवल जेवरात ही नहीं, बल्कि 5 फरवरी से 15 मार्च 2026 के मध्य उनके बैंक खाते से सकरी स्थित एटीएम के जरिए कई बार अवैध रूप से राशि भी निकाली गई है।
बार-बार गुहार लगाने के बावजूद प्रशासन की चुप्पी से क्षुब्ध होकर व्यवसायी ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने जल्द ही दोषियों को पकड़कर उनके साथ न्याय नहीं किया, तो वे मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने के साथ-साथ न्यायालय की शरण में जाने के लिए मजबूर होंगे……





