बंगाल चुनाव में पीएम मोदी का टीएमसी पर हमला, बोले- घुसपैठिए बोरिया-बिस्तर बांध लें

कटवा/पश्चिम बंगाल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कटवा में जनसभा को संबोधित करते हुए टीएमसी पर जोरदार हमला बोला और कहा कि बंगाल में इस बार परिवर्तन तय है और घुसपैठिए अपना बोरिया-बिस्तर बांध लें।
पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में भारी भीड़ और जनता का उत्साह साफ बता रहा है कि इस बार बड़ा बदलाव होने वाला है। उन्होंने कहा कि यह जनसभा 4 मई के नतीजों का ट्रेलर है और जनता भय की राजनीति को खत्म कर भरोसे की राजनीति लाना चाहती है।
प्रधानमंत्री ने टीएमसी पर आरोप लगाते हुए कहा कि अवैध प्रवासियों की मदद करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और भाजपा की सरकार बनने पर भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था को लेकर व्हाइट पेपर जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल को विकास की नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए संकल्पित है।
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र में जनता को दी गई गारंटियों का पूरा रोडमैप है और महिलाओं व युवाओं का समर्थन भाजपा के पक्ष में माहौल बना रहा है। बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होना है, जिससे पहले राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।





