Traffic Helmet Booth: सड़क सुरक्षा की अनूठी पहल बिलासपुर में खुला राज्य का पहला ‘ट्रैफिक हेलमेट बूथ
जिले के 9 अन्य केंद्रों पर भी लगेंगे बूथ, जवानों को किया गया सम्मानित

बिलासपुर जिले में सड़क हादसों को रोकने और वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए (Traffic Helmet Booth) यातायात पुलिस ने एक नई और प्रेरणादायक पहल की है। प्रदेश में पहली बार चकरभाठा के छतौना मोड़ पर ‘यातायात हेलमेट बूथ’ का भव्य शुभारंभ किया गया। जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी में शुरू हुए इस बूथ का मकसद दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के प्रति जागरूक करना है। इस खास मौके पर न केवल जरूरतमंदों को हेलमेट बांटे गए, बल्कि चिलचिलाती धूप में ड्यूटी करने वाले यातायात के जांबाज जवानों का सम्मान भी किया गया…..
जिले के 9 अन्य केंद्रों पर भी लगेंगे बूथ, जवानों को किया गया सम्मानित (Traffic Helmet Booth)
सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण में यह बात सामने आई है कि सबसे ज्यादा मौतें सिर पर चोट लगने के कारण होती हैं, जिसका मुख्य कारण हेलमेट न पहनना है। इसी को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर पुलिस ने ‘यातायात हेलमेट बूथ’ की संकल्पना को धरातल पर उतारा है।
हाई कोर्ट रोड जैसे व्यस्ततम इलाके में खुले इस पहले बूथ के जरिए शहर में प्रवेश करने वाले हर नागरिक को सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान 50 जरूरतमंद वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट दिए गए। अधिकारियों ने साफ किया कि यह तो बस शुरुआत है, आने वाले समय में शहर के 9 अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी ऐसे ही हेलमेट बूथ स्थापित किए जाएंगे ताकि सुरक्षा एक जन-आंदोलन बन सके….
यह कार्यक्रम केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन जवानों के प्रति आभार जताने का माध्यम भी बना जो हर मौसम में सड़कों पर तैनात रहते हैं। बेहतर यातायात प्रबंधन करने वाले जवानों को प्रशस्ति पत्र दिए गए, वहीं धूप और गर्मी से बचाव के लिए उन्हें सनग्लास और विशेष वस्त्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में मौजूद कलेक्टर और एसएसपी ने नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह जीवन की रक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन बूथों के माध्यम से लोग एक-दूसरे को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करेंगे और बिलासपुर जल्द ही दुर्घटना मुक्त जिला बनेगा……





