कैट ने दी देशभर के व्यापारियों को सलाह- 20 अक्टूबर को ही मनाई जाएगी शास्त्रसम्मत दीपावली

रायपुर। देशभर के व्यापारिक संगठनों में इस साल दीपावली की तारीख को लेकर चल रहे भ्रम को दूर करते हुए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने स्पष्ट किया है कि इस वर्ष दीपावली 20 अक्टूबर 2025 को ही मनाई जाएगी।
कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन और राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी ने बताया कि दीपावली पर्व को लेकर व्यापारी वर्ग में इस बार काफी असमंजस था कि इसे 20 अक्टूबर को मनाया जाए या 21 अक्टूबर को। इस भ्रम को दूर करने के लिए कैट ने उज्जैन के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य आचार्य दुर्गेश तारे से शास्त्रीय परामर्श लिया।
आचार्य तारे ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार इस वर्ष कार्तिक कृष्ण अमावस्या तिथि 20 अक्टूबर को प्रदोष काल और मध्यरात्रि दोनों में व्याप्त है। इसलिए दीपावली पूजन इसी दिन करना शास्त्रसम्मत माना जाएगा। उन्होंने कहा कि 21 अक्टूबर को अमावस्या का काल केवल एक घटिका (अल्प समय) के लिए है, जो पूजन के लिए उपयुक्त नहीं है।
आचार्य तारे के अनुसार, धनतेरस और धनवंतरी जयंती 18 अक्टूबर, नरक चतुर्दशी 19 अक्टूबर, दीपावली 20 अक्टूबर, गोवर्धन पूजा 22 अक्टूबर, और भाई दूज 23 अक्टूबर को मनाई जानी चाहिए। वहीं देव प्रबोधिनी एकादशी (देव उठनी एकादशी) 1 नवंबर को पड़ेगी।
अमर पारवानी ने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति का सबसे बड़ा पर्व है, और इसे धर्मशास्त्रों के अनुसार मनाना ही उचित है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की है कि वे 20 अक्टूबर को ही दीपावली पूजन करें, ताकि परंपरा और आस्था के साथ त्योहार का उल्लास पूरे देश में एकरूपता से मनाया जा सके।





