मंत्री लखनलाल देवांगन को भाजपा ने जारी किया नोटिस, बागी नेता को बधाई देना पड़ा भारी

रायपुर: छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन को कोरबा नगर निगम के नवनिर्वाचित सभापति नूतन सिंह ठाकुर को बधाई देना महंगा पड़ गया है। नूतन सिंह ठाकुर ने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी हितानंद अग्रवाल को हराकर सभापति पद पर जीत हासिल की थी। खास बात यह है कि नूतन सिंह ठाकुर ने पार्टी के खिलाफ बगावत करते हुए यह जीत दर्ज की, जिसके कारण भाजपा ने उन्हें पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया।
मंत्री देवांगन ने नूतन सिंह ठाकुर की जीत पर उन्हें बधाई दी और इसे भाजपा की जीत करार दिया। उन्होंने कहा कि “नूतन सिंह ठाकुर ने नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति चुनाव में विजय हासिल की है। इस जीत पर मैं उन्हें बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। निश्चित तौर पर अब नगर निगम में महापौर और सभापति दोनों पदों पर भाजपा का कब्जा हो गया है, जिससे कोरबा के विकास को और गति मिलेगी।”
हालांकि, मंत्री देवांगन ने यह भी माना कि हितानंद अग्रवाल ही पार्टी के घोषित प्रत्याशी थे। उन्होंने कहा कि सभी निर्वाचित पार्षदों ने मिलकर सर्वसम्मति से नूतन सिंह ठाकुर की जीत को स्वीकार किया है। उनके अनुसार, यह निर्णय सभी को मान्य है और नवनिर्वाचित सभापति और महापौर मिलकर कोरबा के विकास के लिए कार्य करेंगे।
लेकिन मंत्री लखनलाल देवांगन का यह बयान भाजपा को रास नहीं आया। पार्टी ने उनके बयान को गंभीरता से लेते हुए उन्हें नोटिस जारी कर दिया है। पार्टी का कहना है कि किसी बागी नेता को बधाई देना अनुशासनहीनता के दायरे में आता है।
इस मामले के बाद पार्टी में खलबली मच गई है और सभी की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि मंत्री देवांगन इस नोटिस का क्या जवाब देते हैं। वहीं, नूतन सिंह ठाकुर की जीत और भाजपा से निष्कासन का मामला भी लगातार चर्चा में बना हुआ है।