दशहरे पर ‘रावण-विभीषण’ बहस, भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज दशहरा धूमधाम से मनाया जा रहा है, लेकिन इस अवसर पर प्रदेश की सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है। दोनों पार्टियां एक-दूसरे को ‘रावण’ और ‘विभीषण’ बता रही हैं।
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “कांग्रेस रावण है, उसके दस सिर हैं जो एक-एक कर कटते जा रहे हैं। दशहरा असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है और कांग्रेस को बुराई छोड़ देनी चाहिए। कांग्रेस झूठ बोलती है, उसमें सभी रावण हैं, एक विभीषण भी है।”
इसके जवाब में PCC चीफ दीपक बैज ने भाजपा पर हमला किया। बैज ने कहा कि जैम पोर्टल (GeM Portal) जैसी पहल भाजपा सरकार की ही थी, जिसे पारदर्शिता के लिए शुरू किया गया था, लेकिन अब भ्रष्टाचार की बातें क्यों हो रही हैं। उन्होंने सरकार पर बायोमेट्रिक हाजिरी और नाकामियों को छुपाने का आरोप भी लगाया।
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने भी दीपक बैज के बयान का जवाब देते हुए कहा कि बैज को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए और बीजेपी को रावण कहना उनकी घटिया सोच का नतीजा है।
दशहरे के इस मौके पर जहां नेता जनता को सत्य और नैतिकता की सीख दे रहे हैं, वहीं ‘रावण-विभीषण’ जैसे शब्दों के माध्यम से राजनीतिक बयानबाजी ने सियासी तापमान भी बढ़ा दिया है।





