आरपीएफ की पहली महिला प्रमुख बनीं सोनाली मिश्रा, छत्तीसगढ़ से है पुराना नाता

रायपुर: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को पहली बार एक महिला अधिकारी की कमान मिली है। मध्यप्रदेश कैडर की वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सोनाली मिश्रा को आरपीएफ की महानिदेशक (डीजी) नियुक्त किया गया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उन्हें 31 अक्टूबर 2026 तक इस पद पर नियुक्त करने की मंजूरी दी है।
सोनाली मिश्रा 1993 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और उनके पास पुलिस सेवा का 30 साल से ज्यादा का अनुभव है। वे अपने अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व क्षमता के लिए जानी जाती हैं।
आपको यह जानकर खुशी होगी कि सोनाली मिश्रा का छत्तीसगढ़ से भी गहरा नाता रहा है। अपने करियर के शुरुआती दिनों में, जब छत्तीसगढ़ मध्यप्रदेश का हिस्सा था, तब उन्होंने बिलासपुर में सीएसपी (CSP) और एएसपी (ASP) के पद पर कार्य किया था। बाद में, राज्य बंटवारे के बाद वे मध्यप्रदेश कैडर में चली गईं।
आरपीएफ की जिम्मेदारी देश के सबसे बड़े रेल नेटवर्क की सुरक्षा, यात्री सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की होती है। सोनाली मिश्रा के अनुभव से इस बल को मजबूती मिलेगी।
इससे पहले वे मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी की निदेशक, एडीजी (चयन/भर्ती), और पुलिस प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान में भी अहम पदों पर रही हैं। उन्होंने सीबीआई, बीएसएफ और संयुक्त राष्ट्र के कोसोवो शांति मिशन में भी सेवाएं दी हैं।
उनकी बेहतरीन सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक और पुलिस सेवा पदक जैसे कई सम्मान भी मिल चुके हैं।
उनकी नियुक्ति से उम्मीद की जा रही है कि आरपीएफ के आधुनिकीकरण, प्रशिक्षण और जनता से जुड़ाव के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी।





