रायपुर: धर्मांतरण रोकने के लिए भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने बनाई ‘जगन्नाथ सेना’

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों धर्मांतरण को लेकर लगातार खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने धर्मांतरण को रोकने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने ‘जगन्नाथ सेना’ नाम की एक टीम बनाई है, जो लोगों को धर्मांतरण से रोकने का काम करेगी।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने खुद वार्डों में जाकर लोगों से मुलाकात की और उन्हें धर्म न बदलने की समझाइश दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी हालत में धर्म न बदलें और अगर कोई धर्मांतरण कराने आता है तो उसका जोरदार विरोध करें।
विधायक मिश्रा ने कहा, “हमें धर्मांतरण कराने वालों की पिटाई करनी है। किसी भी हिंदू को धर्म बदलने नहीं देंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि अब हर रोज अलग-अलग मोहल्लों में जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
पुरंदर मिश्रा का कहना है कि कुछ विदेशी ताकतें भारत की छवि खराब करने की कोशिश कर रही हैं, और वह इसका कड़ा विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि जहां भी धर्मांतरण की कोशिश होगी, वहां ‘जगन्नाथ सेना’ सक्रिय होकर उसका विरोध करेगी।
भाजपा विधायक के इस बयान और अभियान की अब राजनीति में भी चर्चा हो रही है।





