वित्त मंत्री ओपी चौधरी अमेरिका दौरे पर जाएंगे, प्रवासी छत्तीसगढ़ियों से करेंगे मुलाकात

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी जल्द ही एक सात दिवसीय अमेरिका यात्रा पर रवाना होंगे। इस यात्रा का मकसद अमेरिका में रहने वाले प्रवासी छत्तीसगढ़वासियों से मुलाकात करना और उन्हें राज्य के विकास कार्यों से जोड़ना है।
इस दौरे में मंत्री चौधरी अमेरिका में बसे छत्तीसगढ़ी मूल के लोगों को “छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047” के बारे में जानकारी देंगे और उन्हें विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदार बनने के लिए प्रेरित करेंगे।
वह अमेरिका में पढ़ाई कर रहे छत्तीसगढ़ी युवाओं से संवाद कर उनके अनुभव जानेंगे और सुझाव लेंगे, ताकि उनके लिए एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम बनाया जा सके। साथ ही स्टार्टअप और इनोवेशन के क्षेत्र में काम कर रहे युवाओं को छत्तीसगढ़ में अवसरों से जोड़ने का प्रयास भी किया जाएगा।
अपनी यात्रा के दौरान वित्त मंत्री अमेरिकी उद्यमियों और निवेशकों से मिलकर छत्तीसगढ़ में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) और संयुक्त उपक्रम (Joint Venture) की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।
इसके साथ ही वह प्रवासी छत्तीसगढ़वासियों को राज्य के रजत जयंती समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी देंगे।
मंत्री चौधरी की यह विदेश यात्रा कुल 7 दिन की होगी, जिसमें वे अमेरिका के कई शहरों में प्रवासी समुदाय, छात्र, उद्योगपति और निवेशकों से मिलकर राज्य के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे।





