रायपुर को मिलेंगे 7 नए ओवरब्रिज, ट्रैफिक और हादसों से मिलेगी राहत

रायपुर। राजधानी रायपुरवासियों के लिए एक खुशखबरी है। शहर को जल्द ही 7 नए ओवरब्रिज की सौगात मिलने जा रही है। इन ओवरब्रिजों के बनने से शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक जाम और सड़क हादसों में कमी आने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इन प्रोजेक्ट्स को एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है और इसके लिए बजट भी मंजूर कर लिया गया है।
इन ओवरब्रिजों का निर्माण वहां किया जाएगा जहां अक्सर जाम और दुर्घटनाएं होती हैं। पीडब्ल्यूडी ने ट्रैफिक सर्वे के आधार पर तय किया है कि किन-किन जगहों पर ओवरब्रिज की जरूरत है। विभाग का दावा है कि इन ब्रिजों के बनने से हर सड़क पर लोगों के करीब 20 मिनट बचेंगे।
सबसे पहले जिन जगहों पर ओवरब्रिज बनाए जाएंगे:
कालीबाड़ी चौक से पुलिस लाइन गेट तक
अमलीडीह चौक और केनाल लिंकिंग रोड पर द्रोणाचार्य स्कूल के पास
गुढ़ियारी स्थित शुक्रवारी बाजार से स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क
गुढ़ियारी का इलाका ओवरब्रिज बनने के बाद सीधे एक्सप्रेस-वे से जुड़ जाएगा, जिससे इस क्षेत्र के यातायात को भी राहत मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार लगातार विकास के काम कर रही है। उन्होंने बताया, “इस वर्ष को हमने ‘अटल निर्माण वर्ष’ घोषित किया है। हमारा मकसद है कि निर्माण के जरिए लोगों की जिंदगी आसान बनाई जाए। सड़कें सिर्फ आने-जाने का रास्ता नहीं, बल्कि विकास की दिशा तय करती हैं।”
इन ओवरब्रिजों के बनने से रायपुर की सड़कों पर सफर और भी आसान, सुरक्षित और तेज़ हो जाएगा।





