मानसून इंतजार : मानसून की बेरुखी से बढ़ी किसानों की चिंता, बारिश के इंतजार में रुकी बोआई
तैयार खेत, खरीदे बीज-खाद... अब 28 जून की बारिश से बंधी उम्मीद

बिलासपुर जिले में मानसून की दस्तक के बावजूद पर्याप्त बारिश नहीं होने (मानसून इंतजार) से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेत पूरी तरह तैयार हैं, बीज और खाद का इंतजाम भी हो चुका है, लेकिन नमी के अभाव में खरीफ फसलों की बोआई शुरू नहीं हो पा रही है। किसान अब अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
किसानों की उम्मीदें बादलों पर टिकी (मानसून इंतजार)
ग्रामीण क्षेत्रों में इस समय खेत तैयार होने के बावजूद खेती-किसानी की रौनक नजर नहीं आ रही है। किसानों ने समय पर जुताई कर बीज और खाद की व्यवस्था कर ली, लेकिन बारिश नहीं होने से बोआई का काम अटका हुआ है। सूखी मिट्टी के कारण धान, मक्का सहित अन्य खरीफ फसलों की बुवाई जोखिम भरी मानी जा रही है। किसानों का कहना है कि खेती की तैयारी में लगाया गया पैसा दांव पर लगा है और हर गुजरते दिन के साथ चिंता बढ़ती जा रही है।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार मानसून के दौरान कुछ दिनों का ब्रेक सामान्य स्थिति है। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. गीत शर्मा का कहना है कि 28 जून के आसपास जिले में अच्छी बारिश की संभावना है। ऐसे में किसानों को फिलहाल धैर्य रखने की सलाह दी गई है। अब बिलासपुर के किसानों की उम्मीदें बादलों पर टिकी हैं और अच्छी बारिश का इंतजार है, ताकि खेती का काम रफ्तार पकड़ सके।





