कबाड़ कारोबार: सिरगिट्टी में कबाड़ कारोबार पर पुलिस की दबिश, चार ट्रक संदिग्ध माल बरामद

जीएसटी विभाग की कार्रवाई पर भी नजर

बिलासपुर के सिरगिट्टी इलाके में चल रहे कबाड़ कारोबार पर SSP रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस की दबिश से हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी की टीम ने एक कबाड़ कारखाने में छापेमारी की, जहां चार ट्रक संदिग्ध माल, वाहनों की कटी हुई चेसिस, दोपहिया वाहनों के पार्ट्स, नंबर प्लेट और अन्य संदिग्ध सामान मिला। हैरानी की बात यह रही कि दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक चली जांच के दौरान कारोबारी करीब चार ट्रक माल से संबंधित बिल और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

मौके पर गैस कटर से वाहन काटे जाते भी मिले। दूसरे जिलों से पहुंचे माल के ई-वे बिल और जीएसटी दस्तावेज नहीं मिलने से अब जीएसटी विभाग की कार्रवाई पर भी नजर है। वहीं, एक लोड गाड़ी को स्टार्ट नहीं होने का हवाला देकर मौके पर छोड़ने और कुछ लोगों द्वारा कारोबारियों की पैरवी किए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि सभी लोड गाड़ियों और बिना नंबर के संदिग्ध वाहनों को थाने लाकर जांच की जाएगी। अब बड़ा सवाल यह है कि कबाड़ की आड़ में कहीं चोरी के वाहनों की पहचान मिटाकर उनके पुर्जे तो नहीं खपाए जा रहे थे?

जीएसटी विभाग की कार्रवाई पर भी नजर (कबाड़ कारोबार)

कारखाने में पुलिस को दोपहिया वाहनों के पार्ट्स, अलग-अलग नंबर प्लेट, घिसे हुए चेसिस नंबर और बड़े वाहनों की कटी हुई चेसिस मिली। एक ट्रक को गैस कटर से काटा जा रहा था। मौके पर दो से तीन अन्य संदिग्ध वाहन भी बिना नंबर प्लेट के खड़े मिले। पुलिस की जांच में जब वाहनों और माल से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, तो कारोबारी उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सके। दूसरे जिलों से पहुंचे माल के साथ ई-वे बिल नहीं मिलने पर जीएसटी नियमों के उल्लंघन की आशंका भी जताई जा रही है। जीएसटी कानून की धारा 129 के तहत परिस्थितियों के अनुसार टैक्स देयता के 200 प्रतिशत तक जुर्माने का प्रावधान है।

कार्रवाई के दौरान तीन लोड गाड़ियों को थाने ले जाया गया, जबकि एक गाड़ी स्टार्ट नहीं होने की बात कहकर मौके पर छोड़ दी गई। इसी को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर उस गाड़ी को थाने क्यों नहीं लाया गया और उसमें किस तरह का माल रखा था? वहीं, कार्रवाई के दौरान कारोबारियों की पैरवी करने वाले लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

सिरगिट्टी क्षेत्र में ऐसे चार अन्य बड़े कबाड़ कारखाने होने की चर्चा है। ऐसे में अब जरूरत है कि सभी कारखानों में रखे माल, वाहनों के चेसिस नंबर, जीएसटी रिकॉर्ड और कबाड़ के स्रोत की जांच हो, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कारोबार केवल कबाड़ का है या इसके पीछे चोरी के वाहनों और संदिग्ध माल को खपाने का कोई नेटवर्क भी सक्रिय है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button