आंदोलन की चेतावनी: रामसेतु के सौंदर्यीकरण की 2.63 करोड़ की राशि दूसरे कामों में खर्च करने की तैयारी, कांग्रेस ने भाजपा को घेरा
राम के नाम पर स्वीकृत राशि से ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन संवारने की तैयारी,

न्यायधानी बिलासपुर में रामसेतु के सौंदर्यीकरण को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। (आंदोलन की चेतावनी) अरपा नदी पर बने रामसेतु को अयोध्या की तर्ज पर विकसित करने के लिए स्वीकृत 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपए की राशि अब लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन के सौंदर्यीकरण में खर्च करने की तैयारी है। नगर निगम के इस फैसले पर कांग्रेस ने कड़ा ऐतराज जताते हुए भाजपा सरकार और महापौर को निशाने पर लिया है।
कांग्रेस का आरोप है कि रामसेतु के नाम पर राशि स्वीकृत कराई गई, डीपीआर बना, टेंडर जारी हुआ, लेकिन अब परियोजना को ही बंद कर दिया गया। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि राशि का मद परिवर्तन नहीं होने दिया जाएगा और जरूरत पड़ी तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
दरअसल, राज्य शासन ने 15 जनवरी 2025 को रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपए स्वीकृत किए थे। योजना के तहत पुल को अयोध्या की तर्ज पर धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी थी। इसमें दोनों तरफ भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक लाइटिंग, करीब 15 धार्मिक प्रतिमाएं, रामायण और हनुमान चालीसा की चौपाइयां तथा पुल के नीचे फसाड लाइटिंग प्रस्तावित थी।
डीपीआर तैयार होने के साथ एमआईसी से प्रस्ताव पारित हुआ और टेंडर भी जारी किया गया, लेकिन परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी।अब नगर निगम इस राशि से लखीराम ऑडिटोरियम की टूटी कुर्सियां, सोफे, कारपेट और लाइटें बदलने के साथ कंपनी गार्डन के झूले और ओपन जिम के उपकरण दुरुस्त कराने की तैयारी कर रहा है।
इसी फैसले के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने पत्रकार वार्ता कर भाजपा पर हमला बोला। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा भगवान श्रीराम के नाम पर वोट तो मांगती है, लेकिन अब रामसेतु के नाम पर स्वीकृत राशि का ही उद्देश्य बदल रही है। पूर्व विधायक शैलेश पांडे ने कहा कि राम के नाम पर पैसा स्वीकृत कराया और अब उसे ऑडिटोरियम में खर्च करने की तैयारी है। वहीं पूर्व महापौर रामशरण यादव ने याद दिलाया कि रामसेतु का नामकरण कांग्रेस के कार्यकाल में नगर निगम के सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के बाद किया गया था।
कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि आखिर शासन से स्वीकृत राशि का मद परिवर्तन किसकी अनुमति से किया जा रहा है? क्या परियोजना बंद करने से पहले शासन की मंजूरी ली गई है? कांग्रेस ने मांग की है कि रामसेतु के सौंदर्यीकरण की मूल योजना बहाल की जाए और राशि उसी काम में खर्च हो। मांग पूरी नहीं होने पर कांग्रेस ने क्रमबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है।





