अज्ञात शव: व्यापार विहार में अज्ञात अधेड़ का शव मिलने से सनसनी, मौत की वजह अब भी अनजान।
एफसीआई चौक के आगे एसबीआई बैंक के पास सड़क किनारे मिला अज्ञात अधेड़ का शव।

बिलासपुर के व्यापार विहार इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एफसीआई चौक के आगे एसबीआई बैंक के पास सड़क किनारे एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
तारबाहर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य, (अज्ञात शव)
शुरुआती जानकारी के मुताबिक मृतक को आसपास के इलाके में अक्सर भीख मांगते और कचरा बीनते हुए देखा जाता था, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर अधेड़ की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह सड़क किनारे कैसे पहुंचा। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मृतक की शिनाख्त करने और मौत से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।





