संदिग्ध शव: मस्तूरी-बिलासपुर मार्ग पर गड्ढे में मिला युवक का शव, गले में लिपटा था गमछा, मौत की गुत्थी उलझी
लालखदान के संतनगर के पास सड़क किनारे खाली प्लॉट में संदिग्ध हालत में मिली 35 से 40 वर्षीय युवक की लाश

न्यायधानी बिलासपुर में मस्तूरी-बिलासपुर मार्ग पर सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, (संदिग्ध शव) जब लालखदान के संतनगर के पास सड़क किनारे एक खाली प्लॉट के गड्ढेनुमा स्थान पर युवक की लाश मिली। युवक का शव औंधे मुंह पड़ा हुआ था और उसके गले में गमछा लिपटा हुआ था। शव के पास एक पर्स और चप्पल भी बरामद हुई है।
संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद युवक की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी उत्तम कुमार के रूप में हुई है। हालांकि युवक की मौत हादसे में हुई, उसने आत्महत्या की या फिर उसकी हत्या की गई है, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पर्स से मिला ड्राइविंग लाइसेंस, रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी उत्तम कुमार के रूप में हुई प्रारंभिक पहचान,
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह ग्रामीणों ने संतनगर के पास सड़क किनारे गड्ढेनुमा जगह पर एक युवक का शव देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची तोरवा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। उसने टी-शर्ट और चड्डा पहन रखा था। उसके गले में गमछा लिपटा हुआ था, जबकि पास में एक पर्स और एक जोड़ी चप्पल भी मिली है।
पर्स से मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर मृतक की प्रारंभिक पहचान रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी उत्तम कुमार के रूप में की गई है। सूत्रों से यह भी जानकारी सामने आई है कि युवक बिलासपुर में रहकर कोचिंग की पढ़ाई कर रहा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसा या हत्या की आशंका पर जांच (संदिग्ध शव)
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक संतनगर के इस सुनसान स्थान पर कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। गले में गमछा लिपटा मिलने से मामला संदिग्ध जरूर हो गया है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आएगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ मृतक की गतिविधियों और उसके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल हादसा, आत्महत्या या किसी आपराधिक घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।





