भर्ती परीक्षाएं रद्द: तैयारियों पर फिरा पानी, अभ्यर्थियों की बढ़ी परेशानी 2,292 पदों पर भर्ती अटकी
हाईकोर्ट के निर्देश पर 11 अक्टूबर को होने वाली सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती परीक्षाएं रद्द,

छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। (भर्ती परीक्षाएं रद्द) पूर्ण दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण का लाभ नहीं दिए जाने का मामला हाईकोर्ट पहुंचने के बाद 11 अक्टूबर को प्रस्तावित सहायक शिक्षक परीक्षा और 25 अक्टूबर को होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षा रद्द कर दी गई है। इससे 2,292 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। मामले के अनुसार, भर्ती के लिए जारी विज्ञापन में ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1,497 पद शामिल थे।
अभ्यर्थियों की बढ़ी परेशानी 2,292 पदों पर भर्ती अटकी (भर्ती परीक्षाएं रद्द)
अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि शत-प्रतिशत दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया। इस विसंगति को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई। याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता रूंगटा ने अदालत में पक्ष रखते हुए पूर्ण दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को भर्ती से बाहर रखने पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे दिव्यांगजनों के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला बताया। गौरतलब है कि अधिवक्ता रूंगटा स्वयं शत-प्रतिशत दृष्टिबाधित हैं और ब्रेल लिपि के माध्यम से अपनी दलीलें प्रस्तुत करते हैं।
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति कृष्णराम महापात्र की अध्यक्षता वाली हाईकोर्ट की डबल बेंच के समक्ष मामला उठने के बाद भर्ती प्रक्रिया में दिव्यांग अभ्यर्थियों के अधिकारों और आरक्षण से जुड़े प्रावधानों पर सवाल खड़े हुए। बताया जा रहा है कि समाज कल्याण विभाग के परिपत्र में किए गए बदलाव के कारण पूर्ण दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा था।
परीक्षाएं रद्द होने से उन अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिन्होंने परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली थी। प्रवेश पत्र जारी हो चुके थे। कई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना होने की तैयारी में थे, जबकि दूरस्थ जिलों के कुछ परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र वाले शहरों में ठहरने की व्यवस्था भी कर ली थी। अब भर्ती प्रक्रिया आगे कब बढ़ेगी, इस पर अभ्यर्थियों की निगाहें टिकी हैं। पूर्ण दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों के अधिकारों से जुड़े विवाद के कारण हजारों पदों पर भर्ती की समय-सारिणी प्रभावित हो गई है।





