Notice to Petrol Pump: बिलासपुर में डीजल का ‘बड़ा खेल’, 337% तक बढ़ी बिक्री पर 4 पेट्रोल पंपों को कलेक्टर का नोटिस…..
औद्योगिक ग्राहकों को गुपचुप सप्लाई का शक, जिला प्रशासन ने 3 दिन में मांगा जवाब....

बिलासपुर जिले में पेट्रोल-डीजल की असामान्य खपत और बिक्री को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए (Notice to Petrol Pump) एक बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है, जिसके तहत कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पिछले साल की औसत मासिक खपत की तुलना में 100 से लेकर 337 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज करने वाले चार पेट्रोल पंप संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जिला प्रशासन ने 3 दिन में मांगा जवाब (Notice to Petrol Pump)
खाद्य विभाग की समीक्षा रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि औद्योगिक डीजल की कीमतें बढ़ने के बाद आम उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित डीजल को चुपके से औद्योगिक उपयोगकर्ताओं तक पहुंचाया जा रहा है, जिसके चलते तखतपुर के मां कावेरी फ्यूल्स (138% अधिक) और सौरभ सर्विस स्टेशन (246% अधिक), बिल्हा के सेठ मूलचंद एंड सन्स (100% अधिक) तथा गतौरा के जय मां श्री यंत्र फ्यूल्स (337% अधिक) में अचानक डीजल की मांग अप्रत्याशित रूप से बढ़ गई।
इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने सभी संबंधित संचालकों को तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का कड़ा निर्देश जारी किया है कि आखिर इतनी अधिक मात्रा में डीजल की बिक्री किन उपभोक्ताओं को की गई, क्योंकि इससे पहले भी पंपों को सीसीटीवी निगरानी रखने और संदिग्ध भंडारण यंत्रों में आपूर्ति न करने के निर्देश दिए गए थे, जिनका उल्लंघन होने पर अब प्रशासन द्वारा लाइसेंस निरस्तीकरण जैसी कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है….





