मिठाई दुकानों पर कार्रवाई: रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 102 किलो बर्फी सीज…
बर्फी का लेबल मानकों के अनुरूप नहीं मिला, मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तेज......

बिलासपुर समेत पूरे प्रदेश में रक्षाबंधन से पहले (मिठाई दुकानों पर कार्रवाई) खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान शुरू किया है। ‘बने खाबो, बने रहिबो’ अभियान के तहत जिले में मिठाई दुकानों, खाद्य प्रतिष्ठानों और खाद्य सामग्री की जांच की जा रही है।
इसी क्रम में व्यापार विहार स्थित पवन ट्रेडर्स में जांच के दौरान बर्फी के लेबल में नियमों के मुताबिक जानकारी नहीं मिलने पर करीब 102 किलो बर्फी को सीज किया गया। वहीं शनिचरी बाजार स्थित गुरु कृपा ट्रेडर्स में भी खाद्य सामग्री की जांच कर नमूने लिए गए हैं। विभाग के मुताबिक अभियान रक्षाबंधन तक लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तेज (मिठाई दुकानों पर कार्रवाई)
रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को विभाग की टीम ने व्यापार विहार स्थित पवन ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बर्फी के लेबल में आवश्यक जानकारी मानकों के अनुरूप नहीं मिली। इसके बाद मौके पर रखी करीब 102 किलो बर्फी को सीज कर दिया गया। यह बर्फी 23 कार्टून में रखी हुई थी। विभाग ने बर्फी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। खाद्य-औषधि प्रशासन के डीओ आरआर देवांगन के मुताबिक राज्य शासन द्वारा नकली पनीर पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर लगातार जांच की जा रही है।
इसी के तहत सात दिवसीय ‘बने खाबो, बने रहिबो’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य रक्षाबंधन से पहले बाजार में बिकने वाली मिठाइयों, पनीर, खोवा और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच करना है, ताकि त्योहार के दौरान लोगों तक सुरक्षित खाद्य पदार्थ पहुंच सकें…इसी अभियान के तहत शनिचरी बाजार स्थित गुरु कृपा ट्रेडर्स की भी जांच की गई। यहां मद्रास की मशहूर स्पेशल खस्ता मिठाई का नमूना लिया गया, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। वहीं लेबल से जुड़ी कमी पाए जाने पर प्रतिष्ठान के खिलाफ मिथ्याछाप का प्रकरण बनाया गया है।
विभाग का कहना है कि रक्षाबंधन को देखते हुए जिलेभर में मिठाई विक्रेताओं के साथ खाद्य सामग्री बनाने वाली फर्मों की भी जांच की जाएगी। खासकर मिठाई, पनीर, खोवा और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया, पैकेजिंग और लेबलिंग की जांच पर जोर दिया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि सात दिवसीय अभियान के दौरान जांच की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऐसे में त्योहार से पहले मिठाई और खाद्य सामग्री बेचने वाले कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति है, जबकि विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में मिलावटी या मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाना है…….





