चाकूबाजी खुलासा: नशे में चाकूबाजी से दहला देवरीखुर्द, एक युवक की हत्या… दूसरे पर जानलेवा हमला
डेढ़ घंटे में चाकूबाजी की दो वारदात, हत्या और हत्या के प्रयास में दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द में (चाकूबाजी खुलासा) सोमवार शाम नशे के दौरान चाकूबाजी की दो वारदातों ने सनसनी फैला दी। करीब डेढ़ घंटे के भीतर हुई इन घटनाओं में एक ऑटो चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरे युवक पर जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों मामलों में पुलिस ने मनीष केवट और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।……
हत्या और हत्या के प्रयास में दो आरोपी गिरफ्तार (चाकूबाजी खुलासा)
पहली वारदात सोमवार शाम करीब 5 बजे देवरीखुर्द के मुराभाटा इलाके में हुई। पुलिस को सूचना मिली कि एक ऑटो चालक पर चाकू से हमला किया गया है। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि ऑटो चालक की मौत हो चुकी थी। घटना के वक्त वहां तीन लोग शराब पी रहे थे, जिनमें मृतक भी शामिल था।
मृतक का रिश्ते में भांजा भी मौके पर मौजूद था, जिसने पुलिस को आरोपी के भागने की दिशा और घटना से जुड़ी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगालते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऑटो चलाने को लेकर मृतक और आरोपी के बीच विवाद हुआ था, जो गाली-गलौज तक पहुंच गया। इसी दौरान आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना के समय नशे में था….
पहली वारदात के करीब डेढ़ घंटे बाद देवरीखुर्द के बूटा पारा इलाके से दूसरी चाकूबाजी की सूचना सामने आई। यहां एक युवक पर दो लोगों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि एक आरोपी बाइक चला रहा था, जबकि दूसरे ने युवक पर चाकू से हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें मनीष केवट और एक नाबालिग शामिल है। एक ही थाना क्षेत्र में कुछ ही समय के अंतराल पर हुई हत्या और हत्या के प्रयास की इन दोनों वारदातों को लेकर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटनाओं के अन्य पहलुओं की जांच जारी है.





