अवैध निर्माण: आम रास्ते पर मकान निर्माण का आरोप, मोहल्लेवासियों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

पाइपलाइन और बिजली खंभे के पास निर्माण से खतरे की आशंका, कार्रवाई की मांग

बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र के कासिमपारा में आम रास्ते पर मकान निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है।(अवैध निर्माण) मोहल्लेवासियों ने मिर्जा हसनैन बेग और मिर्जा तहसीम बेग पर स्वीकृत नक्शे के विपरीत आम रास्ते की ओर निर्माण कराने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत कर निर्माण कार्य पर रोक लगाने और जांच के बाद कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि रास्ते का इस्तेमाल मोहल्लेवासी लंबे समय से आवागमन के लिए करते आ रहे हैं.

पाइपलाइन और बिजली खंभे के पास निर्माण से खतरे की आशंका (अवैध निर्माण)

वार्ड क्रमांक 44 के शंकर नगर वार्ड स्थित कासिमपारा में खसरा नंबर 747/6 की जमीन पर पुराना मकान तोड़कर नया निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण स्वीकृत नक्शे के विपरीत आम रास्ते की ओर किया जा रहा है, जिससे मोहल्लेवासियों के आवागमन में परेशानी हो रही है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक इसी रास्ते से अमृत मिशन के तहत बिछाई गई पानी की पाइपलाइन भी गुजर रही है और निर्माण उसके ऊपर किया जा रहा है। वहीं बिजली के खंभे से सटाकर निर्माण होने के कारण भविष्य में सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। मोहल्लेवासियों का दावा है कि उन्होंने कई बार नक्शे के अनुरूप निर्माण करने की बात कही, लेकिन निर्माण जारी रखा गया….

मोहल्लेवासियों ने बताया कि इस मामले को लेकर पहले भी 5 मई 2026 को जनदर्शन में शिकायत की गई थी। इसके अलावा नगर निगम के संबंधित अधिकारियों, महापौर और तोरवा थाना प्रभारी को भी लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इसके बावजूद निर्माण को लेकर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अब दोबारा कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर आम रास्ते की स्थिति की जांच कराने, निर्माण कार्य रुकवाने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है….

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button