पूर्व मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया पोस्ट पर दर्ज हुआ मामला

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाले युवक को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अमित सेन के रूप में हुई है, जो भिलाई स्थित एक निजी अस्पताल में ड्रेसर के रूप में कार्यरत है।

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नशे की हालत में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और वीडियो साझा किया था, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया था। यह पोस्ट वायरल होने के बाद मामला सामने आया।

घटना के बाद एनएसयूआई अध्यक्ष शान्तनु झा के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 352, 353(2) और 356 के तहत मामला दर्ज किया है। गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की पुष्टि सहायक पुलिस आयुक्त रमाकांत साहू ने की है।

एनएसयूआई ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। संगठन का कहना था कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की भाषा समाज में गलत संदेश देती है।

पुलिस का कहना है कि मामले की आगे जांच जारी है और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button