महिला तांत्रिक ने पूजा के नाम पर की ठगी, बोली 11 लाख को 11 करोड़ बनाऊंगी

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महाराष्ट्र की एक महिला तांत्रिक ने एक ड्राइवर को झांसा देकर कहा कि वह उसके 11 लाख रुपये को तंत्र-मंत्र की पूजा से 11 करोड़ में बदल सकती है। महिला ने पूजा का नाटक रचाया, युवक को नींबू और सिंदूर लेने भेजा और इस बीच एक लाख रुपये लेकर फरार हो गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित रामकुमार जायसवाल पेशे से ड्राइवर है और आर्थिक तंगी से परेशान था। उसने अपने दोस्त राजू से मदद मांगी। राजू ने उसे महाराष्ट्र की तांत्रिक मंदा पासवान और उसके साथी छोटू का नंबर दिया। दोनों ने दावा किया कि वे तंत्र-मंत्र से पैसों को 100 गुना बढ़ा सकते हैं।

1 नवंबर की शाम, एकादशी के दिन मंदा पासवान अपने दो साथियों के साथ दुर्ग पहुंची। उसने रामकुमार को बस स्टैंड पर बुलाया और पूजा करने के लिए उसके मालिक के खाली ट्रेनिंग सेंटर में गई। वहां उसने पूजा की तैयारी के लिए नारियल, आटा, चावल और दो मटके मंगवाए। महिला ने कहा कि अगर वह एक लाख रुपये सामने रखेगा तो वह रकम “चमत्कार” से 1 करोड़ बन जाएगी।

रामकुमार ने पैसे मटके में रख दिए। इसके बाद महिला ने उसे नींबू और सिंदूर लाने के लिए भेजा। जब वह लौटा, तब तक तीनों आरोपी कैश लेकर फरार हो चुके थे। रामकुमार ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी जांच के बाद शिवनाथ नदी पुल के पास महाराष्ट्र पासिंग कार को रोका और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

ASP सुखनंदन राठौर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी महाराष्ट्र के यवतमाल निवासी हैं। मुख्य आरोपी मंदा पासवान पहले से डकैती के केस में जमानत पर थी। आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन, एक कार और ठगे गए एक लाख रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

यह गिरोह तंत्र-मंत्र और चमत्कारी पूजा के नाम पर भोले-भाले लोगों को फंसाकर ठगी करता था। पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने और ऐसे झांसे से बचने की सलाह दी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button