पत्नी के प्रेमी की पीट-पीटकर हत्या, पति और भाई गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध संबंध के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पत्नी के प्रेमी को पति ने अपने छोटे भाई के साथ मिलकर लाठी और ईंट से पीट-पीटकर मार डाला। घटना के बाद आरोपी पति ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कोसरंगी गांव का है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नकूल साहू की पत्नी और वाकेश साहू के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। वाकेश अक्सर रात के समय चोरी-छिपे नकूल की पत्नी से मिलने आता था।
बीती रात भी वाकेश घर से टहलने का बहाना बनाकर निकला और देर रात नकूल के घर पहुंच गया। इस दौरान नकूल ने उसे अपनी पत्नी के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद की जानकारी मिलने पर नकूल का छोटा भाई निर्मल साहू भी मौके पर पहुंच गया। गुस्से में दोनों भाइयों ने वाकेश पर लाठी और ईंट से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने और अधिक खून बहने के कारण वाकेश की मौके पर ही मौत हो गई।
अगली सुबह घर के बाहर वाकेश का शव पड़ा मिला। आसपास खून से सने ईंट के टुकड़े भी मिले। मृतक के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
हत्या के बाद नकूल साहू ने स्वयं थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद नकूल और उसके भाई निर्मल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।





