सड़क पर पत्नी का जन्मदिन मनाना पड़ा महंगा, हाईकोर्ट ने सरकार को लगाई फटकार

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के निजी सचिव राजेंद्र दास द्वारा सड़क पर पत्नी का जन्मदिन मनाने का मामला अब हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। बिलासपुर हाईकोर्ट ने इस घटना पर स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार की कार्यशैली पर कड़ी टिप्पणी की और प्रशासन को फटकार लगाई।

मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा और न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद की खंडपीठ ने कहा कि सरकार ऐसे मामलों को रोकने में पूरी तरह विफल रही है। अदालत ने सख्त लहजे में कहा कि अब लगता है सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल हो चुकी है। यदि आगे भी सुधार नहीं हुआ, तो अदालत अवमानना की कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगी।

मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि सरकार केवल औपचारिक कार्रवाई कर रही है। ऐसे मामलों में आरोपी कुछ हजार रुपये का जुर्माना भरकर छूट जाते हैं, जिससे यह प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। अदालत ने कहा कि जब किसी मंत्री के निजी कर्मचारी का नाम ऐसे मामलों में आता है, तो मंत्री को खुद इस पर सख्त कदम उठाने चाहिए।

गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में डीएसपी की पत्नी का नीली बत्ती वाली कार के बोनट पर केक काटने का वीडियो भी सामने आया था। वहीं, बिलासपुर के रतनपुर बाइपास पर युवकों द्वारा तलवार से केक काटने की घटना पर भी पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी थी।

हाईकोर्ट ने सरकार को चेताया कि सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की गतिविधियों को तुरंत रोका जाए, वरना सख्त न्यायिक कदम उठाए जाएंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button