अफेयर के शक में पत्नी की हत्या, पति ने खुद की नस काटी

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। अफेयर के शक में पति ने चाकू से कई वार किए और वारदात के बाद अपनी ही नस काट ली। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक मृतका का नाम गायत्री देवांगन (35) और आरोपी पति का नाम जगदीश देवांगन (36) है। दोनों शारदा मंगलम के पीछे किराए के मकान में रहते थे। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार दोपहर को अफेयर को लेकर फिर झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर जगदीश ने सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल गायत्री ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

वारदात के बाद आरोपी पति ने भी अपनी कलाई की नस काट ली। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी घटना के समय शराब के नशे में था।

वारदात की जानकारी मकान मालिक ने पुलिस को दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ने पर पति-पत्नी खून से लथपथ मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। पत्नी ने मरने से पहले पुलिस को बताया कि पति ने ही चाकू से हमला किया है।

थाना प्रभारी मणिकांत पांडेय ने बताया कि महिला का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। वहीं आरोपी पति का इलाज जारी है। होश में आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button