VIP रोड एक्सीडेंट मामला: ‘रशियन’ युवती को मिली जमानत, पासपोर्ट जब्त, विदेश जाने पर रोक

रायपुर। VIP रोड पर हुए एक्सीडेंट में युवक की मौत के मामले में गिरफ्तार की गई रशियन युवती को कोर्ट से जमानत मिल गई है। जमानत मिलने के बाद युवती अब सेंट्रल जेल से रिहा हो चुकी है, लेकिन उसे फिलहाल देश छोड़ने की इजाजत नहीं दी गई है। उसका पासपोर्ट अब भी पुलिस के पास जब्त है।
युवती के वकील का कहना है कि उसे कार चलानी ही नहीं आती। ऐसे में उस पर गैर इरादतन हत्या का केस बनाना गलत है। वकील के मुताबिक, एक्सीडेंट के समय युवती कार ड्राइव नहीं कर रही थी, वह सिर्फ को-पैसेंजर थी। पुलिस के पास ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं है जिससे यह साबित हो कि गाड़ी वह चला रही थी। इसके अलावा विदेश मंत्रालय के जरिए इस बात की पुष्टि भी की जानी थी।
वकील गुप्ता ने यह भी कहा कि गिरफ्तारी के दौरान तेलीबांधा पुलिस ने वियना कन्वेंशन के नियमों का पालन नहीं किया। यह एक अंतरराष्ट्रीय संधि है, जिसके मुताबिक किसी विदेशी नागरिक की गिरफ्तारी की जानकारी उसके देश के दूतावास को देना जरूरी होता है, लेकिन इस मामले में पुलिस ने काफी देरी कर दी।
इतना ही नहीं, युवती की गिरफ्तारी की पूरी प्रक्रिया हिंदी भाषा में की गई, जो वह समझ नहीं सकी। यहां तक कि अरेस्ट मेमो भी अंग्रेज़ी में नहीं थे। कोर्ट में युवती के वकील ने इन भाषा संबंधी मुद्दों को भी जमानत के आधार के रूप में पेश किया।





