निगम कर्मचारी की पिटाई का VIDEO वायरल: देवी-देवताओं पर टिप्पणी से भड़के संगठन, ऑफिस में घुसकर मारपीट

छत्तीसगढ़ के दुर्ग नगर निगम में कार्यरत एक कर्मचारी की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद जमकर पिटाई कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि कर्मचारी ने व्हाट्सएप चैट में देवी-देवताओं और धर्म गुरुओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था।
वायरल चैट के बाद भड़के कार्यकर्ता
जानकारी के मुताबिक गौतम साहू नगर निगम आयुक्त के निजी सहायक के रूप में कार्यरत है। उसकी एक महिला कर्मचारी के साथ निजी व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। चैट में हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक गुरुओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी।
स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता निगम कार्यालय पहुंच गए और वहां हंगामा शुरू कर दिया।
कार्यालय से बाहर निकालकर की मारपीट
कार्यकर्ताओं ने गौतम साहू को निगम दफ्तर से बाहर निकाल लिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसके कपड़े तक फट गए। घटना के दौरान निगम कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए कामकाज भी प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने शिकायत लेकर शुरू की जांच
मामले में हिंदू संगठन की ओर से पद्मनाभपुर थाने में लिखित शिकायत दी गई है। शिकायतकर्ता ने कर्मचारी पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
बजरंग दल के पदाधिकारियों का कहना है कि वायरल चैट उन्हें महिला कर्मचारी के जरिए मिली थी, जिसके बाद कार्यकर्ता निगम कार्यालय पहुंचे। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।





