रायपुर में कांग्रेस के मुख्यमंत्री निवास घेराव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग

रायपुर में कांग्रेस के मुख्यमंत्री निवास घेराव प्रदर्शन को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के प्रदर्शन को “ज़िंदा रहने की कोशिश” बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक नौटंकी है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस को ज़िंदा रहना और ज़िंदा दिखना है, इसके लिए ये सब किया जा रहा है। मेरी सहानुभूति कांग्रेस की कोशिशों के साथ है, लेकिन उन्हें विपक्ष की भूमिका निभाते रहना चाहिए।”
अजय चंद्राकर ने प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रमुख नेताओं की गैरहाज़िरी पर भी सवाल उठाए और भूपेश बघेल के भुवनेश्वर दौरे का जिक्र करते हुए कहा, “जो लोग आप बड़े नेता मानते हैं, वे प्रदर्शन में हैं ही नहीं। परिवारवादी पार्टियों में मुखिया ही नेता होते हैं, जननेता कोई नहीं।”
इसके बाद, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चंद्राकर को “दूध में पड़ी मक्खी” करार देते हुए उनकी आलोचना की। चंद्राकर ने कांग्रेस के संविधान बचाओ अभियान पर सवाल उठाते हुए पूछा, “अपने कार्यकाल में कितनी बार संविधान में संशोधन किया? आपातकाल किसने लगाया? मानव अधिकारों को सस्पेंड किसने किया?” उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस का असली एजेंडा राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्देश्य एक विकसित भारत बनाना है।





