शादी में मेहमान बनकर चोरी, रायपुर में पकड़े गए दो चोर: स्टेज पर चल रहा था फोटो सेशन, पीछे से टेंट काटकर शगुन का बैग और चांदी की मूर्तियां उड़ाईं

रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में शादी समारोह के दौरान चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दो युवक मेहमान बनकर ओशो भवन मैरिज गार्डन में पहुंचे और मौका मिलते ही शगुन का बैग, कैश और चांदी की मूर्तियां चुरा ले गए। खास बात यह रही कि यह पूरी वारदात वीडियोग्राफर के कैमरे में कैद हो गई।
घटना 6 नवंबर की है, जब राजपूत परिवार के यहां शादी चल रही थी। समारोह के दौरान सभी लोग स्टेज पर फोटो खिंचवाने में व्यस्त थे, तभी पीछे से आरोपियों ने टेंट का कपड़ा काटकर चोरी को अंजाम दिया। बाद में जब सामान गायब मिला तो परिजनों ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच शुरू की और शादी के वीडियो फुटेज खंगाले। एक आरोपी लाल शर्ट पहने हुए चोरी करते हुए वीडियो में दिखाई दिया। उसी के आधार पर सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और मुखबिरों की मदद से दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन मानिकपुरी उर्फ लल्ला मानिकपुरी (19) निवासी नर्मदापारा और किशन साहू (21) निवासी चूना भट्टी रायपुर के रूप में हुई है।
गुढ़ियारी थाना प्रभारी बीएल चंद्राकर ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चांदी की मूर्तियां, बिछिया, ₹14,600 नकद, मोबाइल और पर्स सहित लगभग ₹60,000 का सामान बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों ने पहले रेकी की थी और मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी के दौरान टेंट काटने की चालाकी से वे कुछ देर तक बच निकले, लेकिन वीडियो सबूतों से पकड़े गए। फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।





