छत्तीसगढ़ में दो दिन और बदलेगा मौसम, कई जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में शनिवार शाम तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होने के संकेत हैं।

राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर, दुर्ग और अंबिकापुर में तेज हवा और बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली। कई इलाकों में शाम के समय अंधेरा छा गया और मौसम अचानक बदल गया।

ट्रफ लाइन और चक्रवाती सिस्टम का असर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्वी राजस्थान से झारखंड तक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जो मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इसके अलावा पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती सिस्टम भी बना हुआ है।

इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक और हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। शाम या रात के समय हल्की बारिश और तेज हवा चल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। राजनांदगांव में सबसे अधिक 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि जगदलपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

11 मई के बाद बढ़ सकती है गर्मी

मौसम विभाग का कहना है कि 11 मई के बाद प्रदेश में आंधी-तूफान की गतिविधियां धीरे-धीरे कम हो सकती हैं। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।

अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का दौर जारी रहने के आसार हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button