रायपुर में श्रद्धांजलि सभा, पहलगाम आतंकी हमले के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

रायपुर – जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों की याद में शुक्रवार शाम रायपुर में एक भावुक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। रायपुर नगर निगम के वाइट हाउस के सामने शाम 6:30 बजे हुए इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोग शामिल हुए और आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता दिखाई।

लोगों ने कैंडल जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया। इस मौके पर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, शारिक रईस खान (पूर्व चेयरमैन, अल्पसंख्यक कांग्रेस), रायपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे, पूर्व पार्षद कामरान अंसारी, मो. सिद्दीकी, सुरेश मसीह समेत कई लोग मौजूद रहे।

आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

कार्यक्रम में बोलते हुए टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि सरकार को अब आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरा देश इस समय आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और हमें सीमा पार से हो रहे आतंकी हमलों पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

वहीं शारिक रईस खान ने कहा, “पहलगाम में हुआ आतंकी हमला पूरे देश के लिए गहरी चोट है। ऐसे हमले करने वाले आतंकवादी मानवता के दुश्मन हैं। रायपुर से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और यह लड़ाई जारी रहेगी।” उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से ठोस नीति बनाकर सख्त कार्रवाई करने की अपील की।

इस श्रद्धांजलि सभा में लोगों का जोश और भावनाएं साफ दिख रही थीं – सबका एक ही संदेश था: “आतंकवाद नहीं सहेंगे!”

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button