तुर्किये के सेब का व्यापारियों ने किया बहिष्कार, पाकिस्तान समर्थन का विरोध

बिलासपुर। हाल ही में पहलगाम में हुई अमानवीय घटना के बाद तुर्किये द्वारा पाकिस्तान का समर्थन किए जाने पर देशभर में विरोध शुरू हो गया है। छत्तीसगढ़ के फल व्यापारियों ने भी तुर्किये के फलों, खासकर सेब का बहिष्कार करने का फैसला लिया है। अब तुर्किये से आने वाले सेब छत्तीसगढ़ की फल मंडियों में नहीं दिखाई देंगे।
फल व्यापारी संघ के मुताबिक, जब तक तुर्की अपनी गलती स्वीकार नहीं करता और भारत के साथ रिश्ते सुधारने की पहल नहीं करता, तब तक वहां से कोई भी फल नहीं मंगाया जाएगा।
इस संबंध में बिलासपुर फल व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजू सोनकर ने बताया कि उनके प्रदेश अध्यक्ष अनिल सलूजा के निर्देश पर प्रदेशभर की प्रमुख फल मंडियों के अध्यक्षों से चर्चा की गई और फिर सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया।
व्यापारियों ने कहा कि भारत ने तुर्किये में आए भूकंप के समय उसकी मदद की थी, लेकिन इसके बावजूद तुर्की ने आतंक को बढ़ावा देने वाले पाकिस्तान का समर्थन किया और उसे भारत के खिलाफ ड्रोन जैसी तकनीक उपलब्ध कराई। इसी कारण देशभर में तुर्की के सेब और संगमरमर जैसे उत्पादों का बहिष्कार किया जा रहा है।





