बीजापुर में तालाब में डूबने से तीन मासूमों की मौत, नहाने गए थे बच्चे

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है। बीजापुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत पदेड़ा के हिरोलीपारा में तालाब में डूबने से तीन आदिवासी बच्चों की मौत हो गई। तीनों बच्चे नहाने के लिए तालाब गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

मृत बच्चों की पहचान दिनेश कोरसा, नवीन हपका और मनीता हपका के रूप में हुई है। इनमें से दो बच्चे हिरोलीपारा के प्राथमिक शाला में अध्ययनरत थे जबकि एक बच्ची आंगनबाड़ी केंद्र में जाती थी। तीनों की उम्र करीब चार से छह साल बताई जा रही है। हादसा दोपहर के समय हुआ, जब बच्चे खेल-खेल में तालाब में नहाने उतरे और गहराई में चले गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। शिक्षा विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं।

तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीजापुर लाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पदेड़ा के पूर्व सरपंच गुड्डू कोरबा ने बताया कि हादसा दोपहर में हुआ और यह खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button