शादी के दो दिन बाद पहुंचा युवक, बोला- दुल्हन से तीन साल से था रिश्ता; दूल्हे ने साथ रखने से किया इनकार

छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में शादी के दो दिन बाद उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब एक युवक दुल्हन के ससुराल पहुंच गया और खुद को उसका बॉयफ्रेंड बताने लगा। युवक ने दावा किया कि वह और दुल्हन पिछले तीन साल से रिश्ते में थे और उसके पास दोनों की तस्वीरें और वीडियो भी मौजूद हैं।

युवक की बात सुनते ही घर में तनाव का माहौल बन गया। मामला बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। पूरे घटनाक्रम के बाद दूल्हे ने दुल्हन को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया और तलाक लेने की बात कही है।

रिसेप्शन की तैयारी के बीच हुआ हंगामा

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत कठौतिया निवासी नवीन कुमार की शादी 6 मई को कोड़ा निवासी अनिता से हुई थी। 7 मई को दुल्हन विदाई के बाद ससुराल पहुंची थी। परिवार में रिसेप्शन की तैयारियां चल रही थीं, तभी मयूर अग्रवाल नाम का युवक वहां पहुंच गया।

युवक ने परिवार के सामने कहा कि उसका युवती के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध है और वह उसके बिना नहीं रह सकता। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस और हंगामा हुआ।

थाने में चली देर रात तक समझाइश

विवाद बढ़ने पर पुलिस दूल्हा, दुल्हन और युवक को पूछताछ के लिए सिटी कोतवाली ले गई। थाने में देर रात तक दोनों परिवारों के बीच बातचीत और समझाइश का दौर चलता रहा, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

पुलिस के मुताबिक, अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। मामले को फिलहाल आपसी समझौते के लिए छोड़ दिया गया है।

दूल्हे ने अपनाने से किया इनकार

घटना के बाद दूल्हे ने साफ कहा कि वह अब दुल्हन को अपने साथ नहीं रखना चाहता। उसका कहना है कि यदि युवती पहले से किसी और के साथ रिश्ते में थी, तो वह इस शादी को स्वीकार नहीं कर सकता।

विवाद के चलते रिसेप्शन कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया। पूरी रात दोनों परिवारों के बीच तनाव बना रहा और मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button