23 अक्टूबर को दिल्ली में जमा होगी जिला और शहर अध्यक्ष पद के दावेदारों की सूची, कांग्रेस संगठन में मंथन तेज

बिलासपुर। कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और नए अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए प्रदेश में मंथन का दौर जारी है। “संगठन सृजन कार्यक्रम” के तहत मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक उमंग सिंघार का बिलासपुर दौरा तीन दिनों तक चला। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग ब्लॉक और शहरों के राजनीतिक व गैर-राजनीतिक लोगों से मुलाकात कर उनकी राय जानी।
सूत्रों के अनुसार, उमंग सिंघार ने सभी वर्गों — सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी और महिला वर्ग — के लिए 6-6 नामों का पैनल तैयार कर लिया है। यह पूरी सूची और रिपोर्ट वे 23 अक्टूबर को दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान को सौंपेंगे।
सिंघार ने पहले दिन तखतपुर और कोटा ब्लॉक में कार्यकर्ताओं से बैठक की, दूसरे दिन सीपत, मस्तूरी और बिल्हा ब्लॉक में राय जानी, जबकि तीसरे दिन बिलासपुर शहर के चारों ब्लॉकों के कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की। इस दौरान संगठन की रणनीति, नेतृत्व क्षमता और कांग्रेस के भविष्य को लेकर खुलकर विचार-विमर्श हुआ।
जिला अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में लक्ष्मी नाथ साहू, डब्बू साहू, आशीष सिंह, प्रमोद नायक, गीतांजलि कौशिक, संजू मक्कड़, राजेंद्र शुक्ला, शिवबालक कौशिक, आदित्य दीक्षित, जितेन्द्र पाण्डेय और महेन्द्र गंगोत्री के नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं। हालांकि सूची में अन्य नाम भी शामिल हैं, लेकिन इन्हें मजबूत दावेदारों में गिना जा रहा है।
शहर अध्यक्ष पद के लिए सिद्धांशु मिश्रा (युवा वर्ग से) का नाम चर्चा में है, वहीं वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में शिवा मिश्रा, महेश दुबे, शैलेश पाण्डेय, शैलेन्द्र जायसवाल, शेख नजीरुद्दीन, राजकुमार तिवारी, रामशरण यादव, अमृताश शुक्ला और कृष्ण कुमार यादव (राजू) के नाम प्रमुख हैं।
महिला नेत्रियों के नाम भी सूची में शामिल किए गए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई नियुक्तियों को लेकर उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि पार्टी आलाकमान इस बार युवा जोश और वरिष्ठ अनुभव का संतुलन बनाकर अध्यक्षों की नियुक्ति करेगा।
रिपोर्ट दिल्ली पहुंचने के बाद एआईसीसी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की अगुवाई में दावेदारों से चर्चा की जाएगी। इसके बाद गहन मंथन कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा और जिलों को नए अध्यक्षों की घोषणा होगी।
कांग्रेस के अनुभवी और युवा दोनों ही कार्यकर्ता अब उस पल का इंतजार कर रहे हैं जब दिल्ली से नए जिला और शहर अध्यक्षों के नामों की आधिकारिक घोषणा होगी।





