हत्या का आरोपी गवाह को धमकाने पहुंचा, बाप-बेटे ने मिलकर मार डाला

भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई में गुरुवार रात चाकूबाजी की वारदात ने सनसनी फैला दी। छावनी थाना क्षेत्र में पड़ोसी बाप-बेटे ने हत्या के आरोपी सोनू बाबू रेड्डी (26) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। सोनू महिला गवाह को धमकाने पहुंचा था, लेकिन विवाद के बाद उसी के चाकू से उसकी जान चली गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, सोनू श्याम नगर में रहता था और पड़ोस में सुधाकर मोहरे अपने बेटे धन्ना (22) के साथ रहता है। सोनू 5 साल पहले आपसी रंजिश में एक युवक की हत्या कर चुका था। उसी मामले में सुधाकर की पत्नी गवाह थी। अदालत में दिए गए बयान के आधार पर उसे सजा हुई थी। हाल ही में वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। गुरुवार रात शराब के नशे में वह गवाह को धमकाने पड़ोसी के घर पहुंचा और विवाद शुरू हो गया।

कहासुनी के दौरान सोनू ने चाकू से हमला करने की कोशिश की, लेकिन हाथापाई में उसका चाकू गिर गया। मौके का फायदा उठाकर सुधाकर और उसके बेटे ने चाकू उठाया और सोनू के पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों की वजह से सोनू की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। इस मामले में CSP हेम प्रकाश नायक ने बताया कि सोनू आपराधिक प्रवृत्ति का था और पहले भी कई मामलों में शामिल रहा है। वह गवाह को डराने गया था, लेकिन झगड़े में खुद वारदात का शिकार हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button