CMO दफ्तर में वेतन विवाद पर बवाल: इंजीनियर और साथियों पर अकाउंटेंट से मारपीट का आरोप, FIR दर्ज

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग नगर पंचायत कार्यालय में वेतन भुगतान को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि इंजीनियर और उसके साथियों पर अकाउंटेंट से मारपीट करने का आरोप लगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वेतन भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, 7 मई की शाम नगर पंचायत के CMO कार्यालय में इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक ने अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर को वेतन भुगतान में देरी के मुद्दे पर बातचीत के लिए बुलाया था। चर्चा के दौरान दोनों पक्षों में बहस बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
आरोप है कि इसी दौरान इंजीनियर के साथ मौजूद लोगों ने अकाउंटेंट के साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में अकाउंटेंट को भी जवाबी कार्रवाई करते देखा गया। घटना के समय कार्यालय में मौजूद अधिकारियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की।
दोनों पक्षों पर मामला दर्ज
घटना के बाद अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर की शिकायत पर इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक और उनके तीन सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी ओर, दूसरे पक्ष की शिकायत के आधार पर संदीप चंद्राकर के खिलाफ भी पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध कायम किया है।
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि के लिए कार्यालय से सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और अन्य जानकारी मांगी गई है।
कर्मचारी यूनियन ने दी आंदोलन की चेतावनी
मामले में कर्मचारी यूनियन भी सक्रिय हो गई है। यूनियन ने आरोपियों की गिरफ्तारी और गैर-जमानती धाराओं में कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा है। यूनियन का कहना है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच तालमेल की कमी से संस्था की छवि खराब हो रही है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की उचित पोस्टिंग की मांग उठाने की बात कही है।





