निलंबित IAS रानू साहू की मुश्किलें बढ़ीं, अब पीडब्ल्यूडी करेगी मकान और फॉर्म हाउस की जांच

रायपुर। निलंबित IAS रानू साहू की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब रायपुर के तुलसी गांव स्थित उनके मकान, फॉर्म हाउस और दुकान की जांच पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) करेगा। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने पीडब्ल्यूडी से इसकी विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
पीडब्ल्यूडी की टीम यह पता लगाएगी कि मकान और फॉर्म हाउस कब बना, उस पर कितना खर्च हुआ और निर्माण कार्य में किस प्रकार की सामग्री का उपयोग किया गया। टीम दरवाजे, खिड़की, फॉल सीलिंग, प्लंबिंग, बाउंड्री, लॉन, इंटीरियर और इलेक्ट्रिक इंस्टालेशन तक का खर्च आकलन करेगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि क्या मकान कृषि भूमि पर बना है और इसके लिए पंचायत से अनुमति (NOC) ली गई थी या नहीं।
बताया जा रहा है कि जिस जमीन पर निर्माण हुआ है, वह अरुण कुमार साहू और लक्ष्मी साहू के नाम पर है। इससे पहले राजस्व विभाग ने इस संपत्ति को सील किया था, लेकिन वर्तमान में वहां “धूम कैलिफोर्निया” नाम से रेस्टोरेंट संचालित हो रहा है। सरपंच के अनुसार, यह निर्माण पंचायत की अनुमति लिए बिना किया गया है।
गौरतलब है कि रानू साहू को ईडी ने DMF और कोल स्कैम मामले में जुलाई 2023 में गिरफ्तार किया था। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 3 मार्च को जमानत दी थी, लेकिन शर्त रखी थी कि वह राज्य से बाहर रहें और केवल अदालत या जांच एजेंसी के बुलावे पर ही छत्तीसगढ़ आ सकें।
अब पीडब्ल्यूडी की यह जांच रानू साहू की मुश्किलें और बढ़ा सकती है।





