नई कलेक्टर गाइडलाइन के सर्वे से रजिस्ट्री का समय घटा, लोगों को हो रही परेशानी

रायपुर। प्रदेश के सभी जिलों में नई कलेक्टर गाइडलाइन तैयार करने के लिए सर्वे का काम चल रहा है। इस काम में पटवारी, तहसीलदार से लेकर पंजीयन विभाग के उप पंजीयक तक लगे हुए हैं। इसके चलते रायपुर समेत पूरे प्रदेश में बीते एक हफ्ते से सुबह 10 से 12 बजे तक रजिस्ट्री की प्रक्रिया बंद है।

रजिस्ट्री का समय घटने के कारण लोग अब पंजीयन कार्यालय खुलने के दो घंटे बाद का ही ऑनलाइन अपॉइंटमेंट ले पा रहे हैं। मजबूरी में लोग भरी दोपहर की धूप और परेशानी झेलते हुए रजिस्ट्री कराने पहुंच रहे हैं।

उप पंजीयकों के सर्वे में व्यस्त रहने के कारण, सुबह के दो घंटे रजिस्ट्री का काम बंद है। ऐसे में अब लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक ही सिर्फ 5 घंटे का समय मिल पा रहा है।

लोगों की मांग है कि जब सुबह का समय घटा दिया गया है, तो शाम का समय बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि सभी को समय पर अपॉइंटमेंट मिल सके और काम बिना परेशानी के हो सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button