बलौदाबाजार में पेट्रोल-डीजल और गैस की सप्लाई पर सख्ती, कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

बलौदाबाजार जिले में रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को खाद्य विभाग, एलपीजी वितरकों और ऑयल कंपनियों के अधिकारियों की बैठक लेकर जरूरी निर्देश दिए।
बैठक में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि जिले की सभी एजेंसियों को पर्याप्त मात्रा में सप्लाई दी जा रही है। हालांकि कुछ वितरकों द्वारा समय पर डिमांड नहीं भेजने के कारण आपूर्ति में देरी हो रही है।
कलेक्टर ने साफ कहा कि किसी भी गैस एजेंसी या पेट्रोल पंप में कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल केवल वाहनों में ही भरा जाए। जरीकेन में बल्क मात्रा में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक रहेगी। खेती के लिए ट्रैक्टर मालिकों को जरूरी दस्तावेज और जानकारी दर्ज कराने के बाद ही 15 से 20 लीटर डीजल दिया जा सकेगा। वहीं निर्माण कार्य में लगे पोकलेन और अन्य मशीनों के लिए वर्क ऑर्डर और सत्यापन के बाद ही डीजल मिलेगा।
कलेक्टर ने खाद्य अधिकारियों को रोजाना फील्ड में जाकर पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्टॉक और वितरण की रोज रिपोर्ट देने को कहा गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बिना सिलेंडर डिलीवरी के मैसेज भेजने या तय कीमत से ज्यादा वसूली करने पर एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई होगी। ऑनलाइन एंट्री और वास्तविक स्टॉक में गड़बड़ी मिलने पर भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में पेट्रोल पंप संचालकों ने अपनी समस्याएं भी रखीं, जिस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।





