रायपुर में तेज रफ्तार कार ने ट्रैफिक आरक्षक को रौंदा, ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग से बचने की कोशिश में हुआ हादसा

रायपुर के वीआईपी रोड पर देर रात एक दर्दनाक हादसे ने शहर को दहला दिया। ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग से बचने के लिए भाग रही तेज रफ्तार कार ने ट्रैफिक आरक्षक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आरक्षक हेम कुमार पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनकी एक टांग टूट गई है और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। उसी दौरान एक सफेद रंग की कार वहां से गुजरी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और बैरिकेड तोड़ते हुए आरक्षक को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कुछ मीटर तक आरक्षक को घसीटते हुए आगे बढ़ी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कार में सवार सिद्धांत दान और आदित्य चौधरी नाम के दो युवक भी घायल हुए, जिन्हें पुलिस ने मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कार चालक नशे की हालत में था और पुलिस की ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग से बचने के लिए तेज रफ्तार में वाहन भगाया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
तेलीबांधा पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय वाहन किसकी नाम पर पंजीकृत था और क्या चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस था या नहीं।
इस घटना से पुलिस महकमे में भी रोष है। साथी आरक्षक के घायल होने के बाद पुलिसकर्मियों ने कहा कि त्योहार के मौके पर लगातार ड्यूटी करते हुए वे नागरिकों की सुरक्षा में लगे रहते हैं, लेकिन नशे में गाड़ी चलाने वाले लोगों की लापरवाही उनकी जान तक पर बन आती है। शहर में अब इस तरह के चेकिंग अभियान और सख्ती बढ़ाने की तैयारी की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।





